वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो बुधवार की शाम शुरू हुआ। वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में इस मेगा शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस संगठन ने दिन-रात एक कर दिया है। शाम साढे छह बजे से लंका स्थित सिंह द्वार से रोड शो शुरु हुअा जाे रविदास गेट, अस्सी, भदैनी, सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया तक पहुंचेगा। इसमें पांच साल का जनता का दर्द बताती झांकियां भी शामिल की गई हैं। रोड शो के समापन के बाद प्रियंका गांधी श्रीकाशी विश्वनाथ व बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगी।
शाम 6.20 बजे प्रियंका गांधी लंका गेट पर पहुंचीं अौर चौराहे पर स्थित पं. महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद साढे छह बजे रोड शो शुरु हो गया जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। रास्ते में कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद के साथ विरोधियों पर तंज कसते नारों से सड़क गूंज उड़ी तो कांग्रेसी भी उत्साह के साथ लगभग पांच किलोमीटर के इस रोड शो में शामिल हो गए। वहीं रास्ते में एक लड़का बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा तो रोड शो में शामिल लोग उसे तुरंत हॉस्पिटल ले गए। इस दौरान प्रियंका गांधी भी वाहन से उतर कर युवक को देखने गईं। रात करीब साढे सात बजे प्रियंका का रोड शो अस्सी क्षेत्र पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में नारे भी लगाए। वहीं रात 7:50 बजे प्रियंका का काफिला भदैनी पहुंचा तो कांग्रेसी नेता मोहन प्रकाश के घर भी थोडी देर ठहरीें।